
रिपोर्ट:सोहन साह,
जमशेदपुर (झारखंड)। पूर्वी सिंहभूम जिले में मिर्गी से पीड़ित मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनके नियमित उपचार को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में अनुमंडल अस्पताल, घाटशिला में जांच, उपचार एवं फॉलोअप शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पहले से पंजीकृत 197 मरीजों का फॉलोअप किया गया, जबकि 43 नए मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक उपचार संबंधी जानकारी दी गई।

भारत सरकार के अपर सचिव ने मरीजों से किया संवाद
गुड गवर्नेंस प्रैक्टिस के तहत जिला प्रशासन की इस विशेष पहल का जायजा लेने के लिए भारत सरकार के अपर सचिव एवं आईएएस अधिकारी राहुल शर्मा शिविर में पहुंचे। उन्होंने मरीजों से सीधे बातचीत कर इस पहल से मिलने वाले लाभ, नियमित दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय परामर्श और फॉलोअप व्यवस्था की जानकारी ली।
इस दौरान मरीजों ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से उन्हें नि:शुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। साथ ही प्रत्येक माह फॉलोअप शिविर आयोजित किया जाता है। इससे उन्हें नियमित उपचार जारी रखने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान में काफी सहूलियत मिल रही है।
नियमित उपचार और फॉलोअप पर जिला प्रशासन का जोर
इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने मिर्गी मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन के लिए जिला प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य मिर्गी से पीड़ित मरीजों की पहचान, समय पर चिकित्सकीय परामर्श, नियमित दवाओं की उपलब्धता और निरंतर फॉलोअप सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि नियमित उपचार और चिकित्सकीय निगरानी के माध्यम से मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार लाने तथा उन्हें सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पॉल, विशेषज्ञ चिकित्सक, अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की इस पहल से मिर्गी मरीजों को नियमित उपचार और बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन की सुविधा मिल रही है।
![]()





