बैलेट पेपर से चुनाव में भी कांग्रेस को मिली हार, राहुल गांधी बताएं जिम्मेदार कौन : बजरंगी यादव
चुनावी हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ना बंद करे कांग्रेस : बजरंगी यादव

सोनू कुमार की रिपोर्ट,
साहिबगंज । ईवीएम को लेकर कांग्रेस के लगातार सवालों के बीच भाजपा ने अब बैलेट पेपर से हुए चुनावों के नतीजों को लेकर पलटवार किया है। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी प्रसाद यादव ने राहुल गांधी को सीधे निशाने पर लेते हुए सवाल दागा कि जब बैलेट पेपर से चुनाव होने के बावजूद कांग्रेस को हार मिली, तो आखिर इसके लिए किसे जिम्मेदार ठहराया जायेगा? क्या तब भी चुनाव प्रणाली पर ही सवाल उठाये जायेंगे?
बजरंगी यादव ने कहा कि कांग्रेस लगातार ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग कर रही है। इसी मुद्दे को लेकर एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने आरोपों का जवाब बैलेट पेपर से हुए चुनावों के नतीजों में भी तलाशना चाहिए।

बैलेट पेपर पर भी कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक : बजरंगी
भाजपा नेता ने उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में विधान परिषद की सीटों पर हुए चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि 28 सीटों में कांग्रेस ने 12 पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन उसे केवल महाराष्ट्र में एक सीट पर जीत मिली। उन्होंने सवाल किया कि जब इन चुनावों में ईवीएम नहीं, बल्कि बैलेट पेपर का इस्तेमाल हुआ, तब कांग्रेस की हार का जिम्मेदार कौन है?
कर्नाटक में अपनी सरकार,फिर भी चारों सीटों पर हार का दावा
बजरंगी यादव ने कर्नाटक का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद चारों सीटों पर भाजपा-जेडीएस गठबंधन ने जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि चुनावी नतीजों को केवल ईवीएम से जोड़कर नहीं देखा जा सकता। जनता का विश्वास और समर्थन ही चुनावी सफलता का आधार होता है।
ईवीएम पर सवाल से नहीं छिपेगी चुनावी हार : भाजपा नेता
उन्होंने कांग्रेस को अपने चुनावी प्रदर्शन की समीक्षा करने की नसीहत देते हुए परिवारवाद और राजनीतिक रणनीति पर भी आत्ममंथन करने को कहा। बजरंगी यादव ने कहा कि चुनाव ईवीएम से हो या बैलेट पेपर से, फैसला जनता ही करती है। चुनावी हार के लिए बार-बार चुनाव प्रणाली को कटघरे में खड़ा करने के बजाय कांग्रेस को अपनी राजनीतिक रणनीति पर विचार करना चाहिए।
![]()




