जमशेदपुर में जीरो वेस्ट पंडाल प्रतियोगिता 2026,फूल संग्रहण वाहन रवाना
जमशेदपुर में जीरो वेस्ट पंडाल प्रतियोगिता 2026,फूल संग्रहण वाहन रवाना

जमशेदपुर संवाददाता सोहन साह,
- दुर्गापूजा में स्वच्छता को लेकर नगर निकायों की पहल, पूजा पंडालों से नियमित उठाया जाएगा फूल और पूजन सामग्री का कचरा
जमशेदपुर। दुर्गापूजा के दौरान शहर में स्वच्छता बनाए रखने और पूजा में इस्तेमाल किए गए फूलों एवं अन्य पूजन सामग्री के उचित निष्पादन को लेकर जिला प्रशासन और नगर निकायों ने विशेष पहल की है। इस क्रम में जीरो वेस्ट पंडाल प्रतियोगिता 2026 के तहत उपायुक्त राजीव रंजन, नगर आयुक्त योगेन्द्र प्रसाद और अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा ने फूल संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य दुर्गापूजा के दौरान पूजा पंडालों में उत्पन्न होने वाले कचरे का नियमित संग्रहण करना और पंडालों सहित आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा बनाए रखना है। इसके लिए विभिन्न पूजा पंडालों में कूड़ेदानों की व्यवस्था की गई है। वहीं, फूलों और अन्य पूजन सामग्री के अवशेषों को एकत्र करने के लिए विशेष वाहन तैनात किए गए हैं। ये वाहन निर्धारित अंतराल पर पूजा पंडालों से कचरे का उठाव करेंगे।
स्वच्छता बनाए रखने में श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडालों में पहुंचते हैं। ऐसे में फूल, प्रसाद और अन्य पूजन सामग्री के अवशेष जमा होने से शहर में स्वच्छता बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए नगर निकायों को व्यवस्थित कचरा संग्रहण और निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पूजा के दौरान शहर की साफ-सफाई प्रभावित न हो।
उन्होंने पूजा समितियों और श्रद्धालुओं से अपील की कि पूजन सामग्री एवं अन्य कचरे को निर्धारित कूड़ेदानों में ही डालें और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
जीरो वेस्ट पंडाल प्रतियोगिता 2026 के माध्यम से पूजा समितियों को स्वच्छता, बेहतर कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। इस पहल से पूजा पंडालों में साफ-सफाई बनाए रखने के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य धार्मिक उत्सव की भव्यता के साथ स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करना है।
![]()




