बरहरवा-बरहेट में मिठाई दुकानों और होटलों की औचक जांच, 12 खाद्य नमूने संग्रहित
बरहरवा-बरहेट में खाद्य विभाग की छापेमारी, 12 नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे

- बरहरवा और बरहेट में मिठाई दुकानों, होटलों व किराना प्रतिष्ठानों की औचक जांच, हानिकारक रंगों के इस्तेमाल पर चेतावनी
बरहेट : पर्व-त्योहार के बीच मिठाई और खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभागीय टीम ने बरहरवा और बरहेट प्रखंड में विभिन्न मिठाई दुकानों, होटलों और किराना प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशीष कुमार, नौरंग देव और स्वेता लकड़ा सहित टीम ने दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की।
12 नमूने संग्रहित, प्रयोगशाला में होगी जांच
अभियान के दौरान बरहेट के पवन मिष्ठान भंडार समेत विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ दुकानदारों के लाइसेंस और पंजीकरण की भी जांच की। इस दौरान कुल 12 खाद्य नमूने संग्रहित किये गये, जिनमें 10 प्रवर्तन नमूने और दो निगरानी नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट होगी।

मिलावट मिली तो हो सकती है कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान अधिक बिक्री के दबाव में गुणवत्ता और स्वच्छता से समझौता नहीं करें। खाद्य पदार्थों में मिलावट तथा प्रतिबंधित या हानिकारक रंगों के इस्तेमाल से बचने की चेतावनी भी दी गयी। दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के नियमों का पालन करने और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
त्योहारों में जारी रहेगा जांच अभियान
त्योहारों के दौरान मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर विभाग जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चला रहा है। इसका उद्देश्य मिलावट पर अंकुश लगाने के साथ आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। प्रयोगशाला जांच में मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
![]()




