Sahibganj News:आश्वासन के बाद भी मांगें अधूरी,108 एंबुलेंस कर्मियों ने फिर खोला मोर्चा
समाहरणालय के सामने धरना देकर जताया आक्रोश, 16 अक्टूबर को राज्यव्यापी हड़ताल; 21 से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी

साहिबगंज :। स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के बावजूद मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से 108 एंबुलेंस कर्मचारियों का आक्रोश फिर भड़क उठा है. 20 दिनों की मोहलत बीतने के बाद भी समाधान नहीं निकलने से नाराज कर्मचारियों ने बुधवार को समाहरणालय के सामने धरना देकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की. प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के जिला उपाध्यक्ष रोहित रंजन के नेतृत्व में आयोजित धरने में चालकों और सहचालकों ने लंबित मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की. संघ ने स्पष्ट किया कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, मांगों पर ठोस निर्णय लेना होगा.
20 दिन इंतजार, फिर भी हाथ खाली
संघ के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया था. सरकार के भरोसे पर संघ ने अपना आंदोलन 20 दिनों के लिए स्थगित कर दिया था. लेकिन तय समयसीमा बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों ने दोबारा आंदोलन शुरू कर दिया है. कर्मचारियों का कहना है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं.

वेतन और सुविधाओं का संकट,परिवार चलाना मुश्किल
धरने को संबोधित करते हुए रोहित रंजन ने कहा कि कर्मचारी सरकार के आश्वासन पर भरोसा कर आंदोलन से पीछे हटे थे, लेकिन उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया. वेतन और अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के कारण कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों से जूझना पड़ रहा है. परिवार का भरण-पोषण करना भी चुनौती बनता जा रहा है. उन्होंने कहा कि जब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा.
बहाली से लेकर श्रमिक अधिकारों तक की मांग
संघ ने 108 एंबुलेंस सेवा का संचालन सिविल सर्जन के माध्यम से सरकारी स्तर पर कराने, सेवा से हटाये गये कर्मचारियों की दोबारा बहाली तथा कर्मचारियों को ईपीएफ, ईएसआई, ओवरटाइम, ग्रेच्युटी और न्यूनतम वेतन सहित सभी वैधानिक श्रमिक अधिकार उपलब्ध कराने की मांग की है. कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगों का समाधान होना जरूरी है, ताकि उन्हें निर्धारित सुविधाएं और श्रम अधिकार मिल सकें.
16 अक्टूबर को हड़ताल, 21 से अनिश्चितकालीन आंदोलन
मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में संघ ने आंदोलन को और व्यापक बनाने का निर्णय लिया है. इसके तहत 16 अक्टूबर को राज्यव्यापी एक दिवसीय हड़ताल की जायेगी. इस दौरान रांची के नामकुम स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया जायेगा. इसके बाद 21 अक्टूबर से मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल और चरणबद्ध विरोध-प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी गयी है.
संघ ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा. साथ ही सरकार से जल्द ठोस पहल करने की अपील की, ताकि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान हो सके और राज्य की महत्वपूर्ण 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा प्रभावित होने की आशंका को टाला जा सके.
ये सदस्य रहे उपस्थित
धरना में रोहित रंजन, लाल चंद चौधरी, राकेश कुमार, अमित कुमार, सोनू कुमार चौधरी, कुंदन कुमार सिंह, प्रमोद कुमार पासवान, राजू ठाकुर, मुकेश यादव, पवन साह, विष्णु साह, रीना कुमार, सुमन कुमार, अमित कुमार सहित कई कर्मचारी उपस्थित थे.
![]()




