राँची: जेएसएससी–सीजीएल रद्द होने के बाद सफल अभ्यर्थियों का प्रोजेक्ट भवन से बिरसा चौक तक शांतिपूर्ण मार्च
सीजीएल रद्द होने के बाद सफल अभ्यर्थियों का प्रोजेक्ट भवन से बिरसा चौक तक शांतिपूर्ण मार्च


राँची। जेएसएससी–सीजीएल परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले के बाद मंगलवार देर शाम बड़ी संख्या में सफल अभ्यर्थियों ने राजधानी में जोरदार लेकिन शांतिपूर्ण मार्च निकाला। अभ्यर्थियों ने धुर्वा स्थित प्रोजेक्ट भवन से लेकर बिरसा चौक तक पैदल मार्च किया और अपने हाथों में मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर विरोध दर्ज कराया।
पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के बावजूद अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी रहा। दिनभर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी प्रोजेक्ट भवन के बाहर डटे रहे और सरकार के फैसले के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार के इस निर्णय से उनका भविष्य और रोजगार दोनों संकट में पड़ गए हैं। उनका आरोप है कि उन्हें अब तक नियुक्ति रद्द किए जाने की कोई आधिकारिक लिखित सूचना नहीं दी गई है।
अभ्यर्थियों ने दावा किया कि उन्होंने पूरी प्रक्रिया में अपनी योग्यता और मेरिट के आधार पर सफलता हासिल की थी। कई वर्षों तक चली लंबी परीक्षा प्रक्रिया, कानूनी विवाद और सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद उन्हें नियुक्ति मिली थी।
एक अभ्यर्थी ने कहा कि उन्होंने कठिन संघर्ष के बाद नौकरी प्राप्त की थी, लेकिन अब अचानक फैसले से उनकी नियुक्ति समाप्त कर दी गई है। उनका कहना है कि “अगर जांच करनी है तो सीबीआई जांच कराई जाए और दोषियों पर कार्रवाई हो, लेकिन सभी को एक साथ सजा देना न्यायसंगत नहीं है।”
अभ्यर्थियों ने सरकार से फैसले पर पुनर्विचार की मांग करते हुए पारदर्शी जांच की अपील की है।
![]()




