नशामुक्ति जागरूकता अभियान के तहत ब्राइट कोचिंग सेंटर में कार्यक्रम,छात्रों ने ली नशा छोड़ने की शपथ
Pakud News

कोटालपोखर/बरहरवा: नगर पंचायत क्षेत्र के कुशवाहा टोला स्थित ब्राइट कोचिंग सेंटर में रविवार को नशामुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व MY Bharat की राष्ट्रीय युवा स्वयंसेविका (NYV) प्रियंका कुमारी ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें नशामुक्ति की शपथ दिलायी गयी। युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

वीडियो के माध्यम से दी गई जानकारी
जागरूकता सत्र में डिजिटल बोर्ड के जरिए वीडियो और विजुअल प्रस्तुत कर नशे के दुष्प्रभावों को सरल तरीके से समझाया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ता है।
इस दौरान छात्रों से अपील की गई कि वे अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करें।
युवाओं की भूमिका अहम
NYV प्रियंका कुमारी ने कहा कि स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण के लिए युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खुद नशे से दूर रहें और अपने दोस्तों व परिवार के लोगों को भी इससे बचने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।
विकसित भारत क्विज की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के समापन पर छात्र-छात्राओं को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें ऑनलाइन क्विज में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान कई विद्यार्थियों ने मौके पर ही क्विज में भाग लेकर अपनी सहभागिता दर्ज करायी।
इस अवसर पर कोचिंग संचालक अमित कुमार, शिक्षक रोहित कुमार सहित अन्य शिक्षकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
![]()




