साहिबगंज के 11 एथलीट पटना रवाना, 37वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में दिखाएंगे दम
साहिबगंज के 11 खिलाड़ियों का झारखंड टीम में चयन, पटना में करेंगे प्रदर्शन

कोटालपोखर/साहिबगंज। 37वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेने के लिएw साहिबगंज जिले के एथलीट सोमवार सुबह पटना के लिए रवाना हुए। यह प्रतियोगिता 22 से 24 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है।

सिदो-कान्हू स्टेडियम स्थित खेल विभाग द्वारा संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र से प्रशिक्षु एमानुएल किस्कू, परमा हांसदा, चंदन रजवार, विशाल कुमार और पृथ्वी मंडल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना हुए। वहीं डे-बोर्डिंग बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, सकरीगली के प्रशिक्षु आकाश मंडल भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए पटना गए हैं।
जानकारी के अनुसार, साहिबगंज जिले के कुल 11 खिलाड़ियों का चयन झारखंड राज्य टीम के लिए किया गया है। अन्य चयनित एथलीट अपनी-अपनी स्पर्धा की तिथि के अनुसार पटना के लिए रवाना होंगे। खिलाड़ियों के चयन से जिले में खेल प्रेमियों के बीच उत्साह का माहौल है।
यह प्रतियोगिता पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के 14 राज्यों के खिलाड़ियों के बीच आयोजित की जा रही है। इसमें झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, मेघालय, सिक्किम, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश और अंडमान-निकोबार की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
पटना रवाना होने वाले खिलाड़ियों को जिला प्रशासन, खेल संघ के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं दीं। शुभकामना देने वालों में उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश यादव, सचिव माधव चंद्र घोष सहित कई पदाधिकारी एवं कोच शामिल रहे।
![]()




