लातेहार में मुख्यमंत्री सारथी योजना के सिलाई प्रशिक्षण केंद्र पर सवाल, उपायुक्त से जांच की मांग
Latehar News

लातेहार संवाददाता। मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत लातेहार शहर के मेन रोड स्थित जायसवाल गली में संचालित कौशल विकास केंद्र एवं बालिका छात्रावास में कथित अनियमितताओं और अव्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को विधायक प्रतिनिधि नेहा साहू ने नियोजन, प्रशिक्षण, कौशल विकास एवं एसएलपीएस से संबंधित व्यवस्था के तहत संचालित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र और बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशिक्षणार्थी छात्राओं से बातचीत और स्थल के निरीक्षण में कई कमियां सामने आने की बात कही गई है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि केंद्र में रजिस्टर का समुचित संधारण नहीं किया जा रहा है तथा उपस्थिति समेत अन्य अभिलेख अधूरे हैं। सिलाई प्रशिक्षण के लिए रखी गई अधिकांश मशीनें खराब बताई गई हैं। छात्राओं को प्रशिक्षण के लिए कैंची और धागे जैसी बुनियादी सामग्री भी उपलब्ध नहीं कराए जाने की शिकायत की गई है।
इसके अलावा, छात्रावास में निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं देने का आरोप लगाया गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि भोजन में प्रतिदिन एक ही प्रकार की सब्जी या भुजिया दी जाती है, जबकि निर्धारित मेन्यू के अनुसार सलाद, पापड़ और दाल जैसी सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जाती। केंद्र में स्वच्छ पेयजल की कमी का भी मुद्दा उठाया गया है। आरोप है कि पानी खत्म होने पर छात्राओं को अनुपयुक्त पानी पीने के लिए कहा जाता है।
ज्ञापन में छात्रावास में रहने वाली छात्राओं के बीमार पड़ने पर इलाज के लिए नहीं ले जाने की शिकायत भी दर्ज कराई गई है। इसके साथ ही प्रशिक्षण कक्ष और छात्रावास में टेबल, चटाई तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने की बात कही गई है।
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त से संबंधित केंद्र की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी पाए जाने वाले संचालक के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने तथा छात्राओं को स्वच्छ पेयजल, पौष्टिक भोजन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और प्रशिक्षण की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
कौशल विभाग ने सुधार का दिया आश्वासन
इस संबंध में कौशल विभाग के इंचार्ज शिवम कुमार ने बताया कि केंद्र में कुछ छोटी-मोटी कमियां हैं, जिन्हें जल्द ही अपने स्तर से दूर कर लिया जाएगा।
![]()




