
लातेहार। गांधी जयंती के मौके पर सदर अस्पताल परिसर में कुष्ठ रोग को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो समेत चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके बाद लोगों को कुष्ठ रोग के लक्षण, बचाव और समय पर इलाज के बारे में जानकारी दी गई।
सिविल सर्जन ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों से कुष्ठ रोग के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की। बताया गया कि शरीर पर बदरंग या लाल दाग के साथ सुन्नपन, हाथ-पैर में झनझनाहट, अंगों में विकृति या अक्षमता, भौंहों के बाल झड़ना तथा चेहरे, कान या शरीर के अन्य हिस्सों में गांठ जैसे उभार कुष्ठ रोग के संकेत हो सकते हैं।
इस दौरान सिविल सर्जन ने जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को 2 से 8 अक्टूबर तक कुष्ठ जागरूकता सप्ताह मनाने का निर्देश दिया।साथ हीं आम लोगों को बीमारी की पहचान और उपचार के प्रति जागरूक करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि लक्षण दिखाई देने पर मरीज तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला कुष्ठ निवारण कार्यालय से संपर्क करें। समय पर पहचान और इलाज से बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है।
मौके पर डॉ. मारसा टोपनो, डॉ. सीमा रानी, डॉ. राजेश कुमार, सुनील सिंह, प्रवेज अख्तर, बंधु उरांव, उमानाथ सिंह, सत्य प्रकाश समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।
![]()





