Gomiya news
पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह को श्रद्धांजलि, शोक पुस्तिका व संवेदना पत्र परिजनों को सौंपा गया

बोकारो: बिहार-झारखंड एकीकृत सरकार के पूर्व मंत्री दिवंगत माधव लाल सिंह के निधन पर बिहार विधान परिषद द्वारा व्यक्त शोक एवं संवेदना को उनके परिजनों तक औपचारिक रूप से पहुंचाया गया। ज्ञात हो कि 13 मई 2026 को उनके निधन के उपरांत बिहार विधान परिषद में शोक सभा आयोजित कर सदस्यों ने गहरा दुख व्यक्त किया था।
दिनांक 20 जुलाई 2026 को आयोजित सदन की कार्यवाही के दौरान परिषद के सभी माननीय सदस्यों ने दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की थी। इसी क्रम में परिषद के प्रभारी सचिव द्वारा शोक पुस्तिका एवं संवेदना पत्र तैयार कर संबंधित जिला प्रशासन को प्रेषित किया गया।

प्राप्त निर्देश के आलोक में बोकारो के उप निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, गोमिया को पत्र भेजकर उक्त दस्तावेजों को दिवंगत मंत्री के परिजनों तक विधिवत पहुंचाने का अनुरोध किया। प्रशासन ने इस जिम्मेदारी को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निभाते हुए प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया।
सोमवार की रात गोमिया प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव कुमार महतो ने दिवंगत मंत्री के सुपुत्र प्रकाश लाल सिंह को बिहार विधान परिषद द्वारा जारी शोक पुस्तिका एवं संवेदना पत्र सौंपा। इस अवसर पर प्रकाश लाल सिंह ने अपने पूरे परिवार की ओर से बिहार विधान परिषद के पदाधिकारियों एवं सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
![]()



