Pakud News
Murshidabad Border Case: बांग्लादेश से भारत घुसने की कोशिश में महिला गिरफ्तार,फेसबुक कनेक्शन आया सामने

रिपोर्ट: निशांत कुमार सानू, फरक्का
फरक्का। मुर्शिदाबाद जिले के रघुनाथगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नाडुखाकी इलाके में शनिवार देर रात अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रही एक महिला को बीएसएफ के जवानों ने पकड़ लिया। बाद में महिला को पुलिस के हवाले कर दिया गया। रविवार को उसे जंगीपुर स्थित विशेष अदालत में पेश किया गया।
सात-आठ साल पहले बांग्लादेश जाने का दावा
गिरफ्तार महिला की पहचान मंजरा बीवी के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने खुद को नाडुखाकी चर क्षेत्र की निवासी भारतीय महिला बताया। उसके अनुसार करीब सात-आठ वर्ष पूर्व वह बांग्लादेश चली गई थी, जहां उसने ईसा शेख नामक व्यक्ति से विवाह किया। महिला ने बताया कि उसके तीन बेटियां और एक बेटा हैं।
फेसबुक पर युवक से हुई दोस्ती
महिला ने पुलिस को बताया कि पिछले करीब डेढ़ महीने से फेसबुक के जरिए नाडुखाकी के समीप दियारा क्षेत्र निवासी डालिम शेख से उसकी बातचीत शुरू हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे कथित प्रेम संबंध में बदल गई। महिला का कहना है कि युवक के बुलाने पर ही वह शनिवार रात बांग्लादेश से भारत आने की कोशिश कर रही थी, तभी बीएसएफ ने उसे पकड़ लिया।

भारत आने के उद्देश्य की जांच
गिरफ्तारी के बाद बीएसएफ ने महिला को रघुनाथगंज थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। महिला के भारत आने के उद्देश्य, उसके दावों और सीमा पार करने से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
![]()




