
संवाददाता: प्रेम कुमार साहू, घाघरा (गुमला)
घाघरा। हिंडाल्को एवं प्रशासन के खिलाफ चल रहा आंदोलन रविवार को 14वें दिन एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया। आंदोलनकारी नेता सूरज नायक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इसकी जानकारी दी। इस दौरान मौके पर सैकड़ों की संख्या में आंदोलनकारी उपस्थित रहे।

नेता सूरज नायक ने बताया कि बीते दिन प्रखंड परिसर में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी के साथ आंदोलनकारियों की वार्ता हुई। वार्ता के दौरान विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से कुछ मांगों को मानने पर सहमति बनी है, लेकिन कई महत्वपूर्ण मांगें अब भी अधूरी हैं, जिस कारण कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकल सका।

उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल आंदोलन को एक सप्ताह के लिए स्थगित किया गया है। यदि निर्धारित समय के भीतर मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती है, तो आगे की रणनीति बनाते हुए आंदोलन को फिर से तेज किया जाएगा।
![]()




