दीनदयाल जयंती पर भाजपा ने मनाया अंत्योदय दिवस, विचारों को आत्मसात करने का लिया संकल्प
pakur news

पाकुड़ संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी पाकुड़ नगर मंडल की ओर से गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती अंत्योदय दिवस के रूप में मनायी गयी। तांतीपाड़ा स्थित दीनदयाल उद्यान (रानी दिग्घी) में स्थापित उनकी आदमकद प्रतिमा पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

एकात्म मानववाद और अंत्योदय पर हुई चर्चा
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष सोहन मंडल ने की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। जिला उपाध्यक्ष सह मंडल प्रभारी हिसाबी राय ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों को केंद्र में रखते हुए राष्ट्र निर्माण की अवधारणा प्रस्तुत की। उनका एकात्म मानववाद समाज के प्रत्येक व्यक्ति के समग्र विकास की बात करता है।
अंतिम व्यक्ति का उत्थान ही अंत्योदय का उद्देश्य
जिला महामंत्री रूपेश भगत ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों में भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और वंचित वर्गों के कल्याण को विशेष स्थान मिला। उनके जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों के उत्थान के लिए कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र और समाज की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी। मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीरा प्रवीण सिंह, दुर्गा मरांडी, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुग्राहित प्रसाद साह, विवेकानंद तिवारी, अमृत पांडेय, वार्ड पार्षद अनिकेत गोस्वामी, गुड्डू कुमार भगत, सुशील साहा, धर्मेंद्र त्रिवेदी, पंकज साह, मुस्ताक खान, जितेंद्र गुप्ता, तोहिद शेख, पप्पू शेख सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
![]()





