मालदा मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान, स्टेशनों पर यात्रियों को किया जागरूक
pakud news

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
बरहरवा संवाददाता। ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत मालदा मंडल में रेलवे स्टेशनों और परिसरों में स्वच्छता एवं यात्री जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के तहत मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
कचरा प्रबंधन और सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने की अपील
मालदा टाउन, साहिबगंज, जमालपुर, राजमहल, न्यू फरक्का, मुरहारा और भागलपुर समेत अन्य स्टेशनों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गये। रेलवे अधिकारियों और पर्यवेक्षकों ने यात्रियों से कचरे का उचित निपटान करने तथा रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने की अपील की। यात्रियों को ‘सिंगल यूज प्लास्टिक को ना कहें’ अभियान की जानकारी भी दी गयी।

चार रंगों के डिब्बों में अलग-अलग डालना होगा कचरा
अभियान के दौरान चार-बिन कचरा पृथक्करण प्रणाली पर विशेष जोर दिया गया। यात्रियों को बताया गया कि हरे डिब्बे में गीला एवं जैव-अवक्रमणीय कचरा, नीले डिब्बे में सूखा एवं पुनर्चक्रण योग्य कचरा, पीले डिब्बे में सैनिटरी एवं निर्धारित कचरा तथा काले डिब्बे में अवशिष्ट एवं गैर-पुनर्चक्रण योग्य कचरा डालना है। रेलवे की ओर से यात्रियों को रंग-कोडित डिब्बों के सही इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया गया।
‘नेकी की दीवार’ से जरूरतमंदों की मदद
अभियान के तहत ‘नेकी की दीवार’ पहल को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके माध्यम से लोगों को उपयोगी कपड़े और अन्य आवश्यक सामान जरूरतमंदों के लिए दान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य उपयोगी वस्तुओं के पुन: उपयोग, साझा करने और जिम्मेदार उपभोग को बढ़ावा देना है।
जंगीपुर रोड सेक्शन में जल स्रोतों की सफाई
यात्रियों और रेलकर्मियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जंगीपुर रोड सेक्शन में जल स्रोतों की सफाई और शुद्धीकरण का विशेष अभियान चलाया गया। जल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के साथ पेयजल सुविधाओं को सुरक्षित और उपयोग योग्य रखने पर जोर दिया गया।
मालदा मंडल के अनुसार अभियान का उद्देश्य स्वच्छता गतिविधियों में जनभागीदारी बढ़ाना, कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करना और स्वच्छ एवं टिकाऊ रेलवे परिसरों को बढ़ावा देना है।
![]()





