बैंक की सुरक्षा व्यवस्था का पुलिस ने लिया जायजा,सीसीटीवी दुरुस्त रखने का निर्देश
pakud news

कोटालपोखर संवाददाता। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बड़ी कोदरजन्ना स्थित इंडियन बैंक शाखा की सुरक्षा व्यवस्था का शुक्रवार को मुफ्फसिल थाना पुलिस ने निरीक्षण किया। थाना प्रभारी अनीश कुमार पांडेय ने बैंक पहुंचकर शाखा प्रबंधक विकास कुमार साह से सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों और निगरानी से संबंधित जानकारी ली।
थाना प्रभारी ने बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की भी जांच की। उन्होंने शाखा प्रबंधक को निर्देश दिया कि सभी कैमरे चालू हालत में रहें और उनकी तस्वीर स्पष्ट हो, ताकि बैंक में आने-जाने वाले लोगों पर प्रभावी नजर रखी जा सके। किसी घटना की स्थिति में सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से संदिग्धों की पहचान में भी मदद मिल सके।

उन्होंने बैंक प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने को कहा। पुलिस ने बताया कि बैंक और अन्य संवेदनशील संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित घटना को समय रहते रोका जा सके।
निरीक्षण के दौरान एएसआई केशव मालाकार समेत अन्य पुलिस जवान मौजूद रहे।
![]()





