
लातेहार। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुक्रवार को लातेहार जिला खेल स्टेडियम में सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 11 बजे जैसे ही हजारों लोगों ने एक साथ वंदे मातरम् का गायन शुरू किया, पूरा स्टेडियम देशभक्ति के नारों और गीत की आवाज से गूंज उठा। कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों के अलावा एनसीसी कैडेट, सीआरपीएफ के जवान और शहर के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम का आयोजन विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से किया गया। इसी कड़ी में जिले के विभिन्न हिस्सों में भी सामूहिक गायन हुआ। आयोजकों के मुताबिक, लातेहार जिले में 50 से अधिक स्थानों पर लोगों ने एक साथ वंदे मातरम् का गायन किया।
20 स्थानों पर विद्यालयों में आयोजन
पलामू विभाग के पूर्णकालिक कार्यकर्ता अखिलेश ने बताया कि देशभर में विद्या भारती से जुड़े करीब 25 हजार सरस्वती शिक्षा मंदिरों में शुक्रवार सुबह 11 बजे सामूहिक रूप से वंदे मातरम् गाया गया। लातेहार जिले में विद्यालयों के माध्यम से करीब 20 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। लातेहार स्टेशन क्षेत्र के विद्यालय में भी सात स्थानों पर आयोजन किए गए।
उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा गीत है। सामूहिक गायन के जरिए लोगों को देश के प्रति जिम्मेदारी और समाज के प्रति अपने दायित्व का संदेश दिया गया।
स्वतंत्रता आंदोलन में बना राष्ट्रीय भावना का प्रतीक
सरस्वती विद्या मंदिर धर्मपुर के प्राचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने वंदे मातरम् के इतिहास की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने इसकी रचना की थी। वर्ष 1896 में रवींद्रनाथ टैगोर ने कांग्रेस के अधिवेशन में इसका गायन किया था। बाद में स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान वंदे मातरम् राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने वाले प्रमुख गीतों में शामिल हुआ।
उन्होंने बताया कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम के तहत देशभर में विद्या भारती के विद्यालयों में आयोजन किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत लातेहार के खेल स्टेडियम में भी सामूहिक गायन कराया गया।
भारत माता के जयघोष से गूंजा स्टेडियम
सामूहिक गायन के बाद लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाए। इस दौरान स्टेडियम में मौजूद लोगों में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में व्रजेश कुमार, ओमकार जी, नगर अध्यक्ष महेश सिंह, उपाध्यक्ष संतोष रंजन उर्फ डब्बू, भाजपा जिलाध्यक्ष बंशी यादव, अनिल सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता राजमणि प्रसाद, अभिनंदन प्रसाद और सुरेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
![]()




