बक्शे से निकला साढ़े चार फीट लंबा कोबरा, कागजात निकालने पहुंचे गृहस्वामी के उड़े होश
pakud news

पाकुड़ संवाददाता/महेशपुर। प्रखंड के चांदपुर गांव में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर में रखे बक्शे से करीब साढ़े चार फीट लंबा कोबरा सांप निकल आया। सांप को देखते ही घर के लोगों में हड़कंप मच गया। गृहस्वामी जतन टुडू ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही पहुंची रेस्क्यू टीम
सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम के सदस्य अशराफुल शेख मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद बक्शे में छिपे कोबरा सांप को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला। इसके बाद सांप को जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। सांप के रेस्क्यू होने के बाद घर के लोगों ने राहत की सांस ली।
जरूरी कागजात निकालने पहुंचे थे जतन टुडू
बताया गया कि गुरुवार सुबह जतन टुडू बक्शे से जरूरी कागजात निकालने के लिए पहुंचे थे। बक्शा पहले से टूटा हुआ था। जैसे ही उन्होंने बक्शे को खोला, अंदर कोबरा सांप दिखाई दिया। सांप देखते ही वे पीछे हट गए और इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को दी।
चूहे की तलाश में बक्शे में घुसने का अनुमान
स्थानीय लोगों के अनुसार, बक्शा टूटा होने के कारण संभवतः चूहे की तलाश में कोबरा उसके अंदर चला गया था। हालांकि, सांप के बक्शे में पहुंचने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। वन विभाग की टीम ने सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया।
![]()





