कोयल नदी में करमा विसर्जन के दौरान चार की डूबने से मौत,आठ वर्षीय बच्चे की तलाश जारी
उपायुक्त ने जताया गहरा दुख,परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश

मेदिनीनगर (पलामू), 23 सितंबर। चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया पतरिया गांव के समीप बुधवार को करमा पूजा के विसर्जन के दौरान कोयल नदी में डूबने से चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक आठ वर्षीय बच्चा लापता है, जिसकी तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
मृतकों की पहचान बोकेया पतरिया निवासी नीतिश कुमार सिंह (18), पिता बाबूलाल सिंह, अमित कुमार ठाकुर (22), पिता पुरनी ठाकुर, राजा सिंह (12), पिता संजय सिंह और विशाल पासवान (16), पिता तिलकधारी पासवान के रूप में हुई है। वहीं हेमंत कुमार सिंह (8), पिता सुनील सिंह के लापता होने की सूचना है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया। लापता बच्चे की तलाश के लिए एनडीआरएफ टीम से संपर्क किया गया है। प्रशासन की ओर से घटनास्थल और बचाव अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है।
उपायुक्त पलामू दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है और उन्हें हरसंभव सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उपायुक्त के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार पांडे ने शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

उपायुक्त ने चैनपुर के अंचल अधिकारी को संबंधित परिवारों के घर जाकर उनकी स्थिति की जानकारी लेने और नियमानुसार आवश्यक सहायता जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। वहीं अंचल अधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी को मृतकों के परिजनों को आपदा प्रबंधन के तहत देय सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर फाइल अग्रसारित करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य जारी है और लापता बच्चे हेमंत कुमार सिंह की तलाश की जा रही है। प्रशासन पूरे मामले की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
![]()





