
कोटालपोखर (संवाददाता)।
मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के उत्तरी करमटोला गांव में बीती रात करम पर्व के दौरान डीजे पर डांस को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस दौरान तीन राउंड हवाई फायरिंग होने की भी सूचना सामने आई है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

महिलाओं ने लगाया जबरन डांस का आरोप
ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि करम पर्व के अवसर पर कुछ महिलाएं और बच्चियां डीजे की धुन पर नृत्य कर रही थीं। इसी दौरान नशे में धुत करीब चार से पांच युवक वहां पहुंचे और भीड़ में घुसकर जबरदस्ती डांस करने लगे।
विरोध करने पर मारपीट और तोड़फोड़
महिलाओं के अनुसार, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो युवकों ने डीजे सिस्टम में तोड़फोड़ शुरू कर दी और वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट की। इसी दौरान हवाई फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
तीन लोग हिरासत में
घटना की सूचना मिलने पर मिर्जाचौकी थाना प्रभारी रुपेश कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है और सभी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फायरिंग की पुष्टि तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
![]()




