Gomiya news:श्री गणेश महोत्सव साड़म–होसिर का भव्य समापन, बीडीओ महादेव कुमार महतो सहित कई गणमान्य रहे मौजूद
Gomiya news

गोमिया (गिरिडीह/बोकारो क्षेत्र):
गोमिया प्रखण्ड अंतर्गत संतोषी मंदिर के समीप साड़म–होसिर में आयोजित सात दिवसीय श्री गणेश महोत्सव का समापन भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हो गया। अंतिम दिन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गोमिया के बीडीओ महादेव कुमार महतो उपस्थित हुए, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर टीटीपीएस ललपनिया के एमडी अनील शर्मा, डीजीएम अशोक प्रसाद एवं खलारी के एसआई पाचुलाल यादव ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा स्वर्गीय माधव लाल सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके पश्चात सभी अतिथियों ने श्री गणेश मंडप में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा दीप प्रज्ज्वलित कर जागरण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। आयोजन समिति के पदाधिकारियों—प्रकाश लाल सिंह, सूरज लाल सिंह, आकाश लाल सिंह, मोहन मुरारी चौधरी, मनबोध दे, अनील रवानी, देवकीनंदन राम, जयप्रकाश रविदास, सरोज चंद्रवंशी और सुभाष वर्मा—द्वारा अतिथियों का पुष्पमाला, पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। मंच संचालन अजीत नारायण प्रसाद ने किया।
समापन दिवस पर वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत पूजन एवं हवन का आयोजन हुआ। रात्रि में पंडित अवधेश तिवारी द्वारा महालया गायन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया, वहीं कलाकार साक्षी के भक्ति नृत्य ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर क्षेत्र में सेवा दे रहे विभिन्न संगठनों, उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं एवं समिति सदस्यों को सम्मानित किया गया। साथ ही सरोज चंद्रवंशी ने अपने स्तर से स्वर्गीय माधव लाल सिंह के परिवार के सदस्यों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि बीडीओ महादेव कुमार महतो ने अपने संबोधन में कहा कि साड़म–होसिर का यह ऐतिहासिक श्री गणेश महोत्सव अब कई राज्यों में चर्चा का विषय बन चुका है, जो इस क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
![]()




