लिट्टीपाड़ा में वज्रपात का कहर: पेड़ के नीचे बैठी 14 वर्षीय बच्ची की मौत, साथी गंभीर
Pakud News

पाकुड़ संवाददाता, लिट्टीपाड़ा । प्रखंड क्षेत्र के छोटा चतरा गांव में वज्रपात की चपेट में आने से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। इस घटना में 14 वर्षीय शांति पहाड़िन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद 10 वर्षीय चांदी पहाड़िन गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे बैठी थीं बच्चियां
जानकारी के अनुसार धर्मा पहाड़िया की पुत्री शांति पहाड़िन अपनी साथी चांदी पहाड़िन के साथ जंगल में बकरियां चराने गई थी। दोपहर के समय अचानक मौसम खराब हुआ और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों बच्चियां पास के एक पेड़ के नीचे बैठ गईं।
इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई, जो सीधे उसी पेड़ पर आ गिरी। वज्रपात की चपेट में आने से शांति पहाड़िन की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उस समय उसके हाथ में हसुआ था, जो बिजली गिरने के प्रभाव से टूट गया।
दूसरी बच्ची का अस्पताल में इलाज जारी
इस हादसे में चांदी पहाड़िन भी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल बच्ची को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद मृत बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शांति पहाड़िन की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं.
![]()




