NSS के तहत नशा मुक्त युवा भारत अभियान:छात्रों ने लिया 100 सप्ताह का संकल्प
Latehar News

लातेहार/संवाददाता:
बनवारी साहू महाविद्यालय के सभागार में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में “नशा मुक्त युवा भारत अभियान” के अंतर्गत 100 सप्ताह का संकल्प एवं हस्ताक्षर अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ और जागरूक जीवनशैली की ओर प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षा विद एवं समाजसेवी श्री बंसी यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत NSS के जिला नोडल पदाधिकारी श्री नवल किशोर प्रसाद द्वारा की गई, जिन्होंने अपने संबोधन में युवाओं को नशा मुक्ति के महत्व और इसके सामाजिक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इसके बाद महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेश पांडेय ने अपने विचार रखते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य करें।
मुख्य अतिथि श्री बंसी यादव ने अपने संबोधन में युवाओं को नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवा पीढ़ी के हाथों में है, इसलिए उनका स्वस्थ और जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य डॉ. नरेश पांडेय द्वारा सभी उपस्थित विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लेकर नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर NSS के स्वयंसेवक आयुष चौधरी, देवेन्द्र सिंह, कविता कुमारी, धीरज कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन NSS स्वयंसेवक आयुष चौधरी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूर्व प्राचार्य डॉ. पी. के. तिवारी द्वारा प्रस्तुत किया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
![]()




