गंगा की तेज धारा में फंसे 10 लोगों की BSF ने बचाई जान, नाव डूबने के बाद पहुंचे थे भारतीय सीमा में
नाव डूबने के बाद तेज बहाव में फंस गये थे बांग्लादेश के तीन परिवारों के सदस्य

कोटालपोखर संवाददाता। फरक्का : भारत-बांग्लादेश सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने समय रहते कार्रवाई करते हुए गंगा की तेज धार में फंसे 10 लोगों की जान बचा ली। घटना मुर्शिदाबाद जिले के रघुनाथगंज थाना क्षेत्र के खंडूया इलाके की है।
सीमा क्षेत्र में निगरानी के दौरान BSF जवानों को नदी के बीच से लोगों के मदद के लिए पुकारने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद जवानों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। मिली जानकारी के अनुसार, BSF की 71वीं बटालियन के जवान गंगा किनारे ड्यूटी पर तैनात थे।

इसी दौरान उनकी नजर नदी के तेज बहाव में फंसे लोगों पर पड़ी। स्थिति बेहद खतरनाक थी और सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। जवानों ने बिना समय गंवाये स्पीड बोट को नदी में उतारा और अभियान चलाकर सभी 10 लोगों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया।
रेस्क्यू के बाद पूछताछ में पता चला कि सभी लोग बांग्लादेश के चपैनबाबगंज-जोहोरपुर इलाके के निवासी हैं। उनके अनुसार, बाढ़ के पानी में उनका गांव पूरी तरह डूब गया था।
इसके बाद तीन परिवारों के सदस्य नाव पर सवार होकर सुरक्षित स्थान की तलाश में निकले थे। नदी पार करने के दौरान तेज बहाव के कारण उनकी नाव अनियंत्रित होकर डूब गयी। नाव के डूबने के बाद सभी लोग तैरकर अपनी जान बचाने की कोशिश करने लगे। पानी के तेज बहाव के कारण वे बहते हुए भारतीय सीमा क्षेत्र तक पहुंच गये।
उन्हें यह भी पता नहीं चल पाया कि वे कब सीमा पार कर भारत की ओर आ गये। BSF जवानों ने सभी लोगों को नदी से बाहर निकालने के बाद अपने कैंप में पहुंचाया। वहां उनकी स्थिति का जायजा लिया गया और जरूरत के अनुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध करायी गयी। इसके बाद पूछताछ कर घटना से संबंधित जानकारी दर्ज की गयी।
BSF ने मामले की जानकारी बांग्लादेश सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों को भी दी। दोनों पक्षों के बीच समन्वय के बाद निर्धारित सीमा प्रक्रिया पूरी की गयी। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी 10 बांग्लादेशी नागरिकों को सुरक्षित उनके देश भेज दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम में BSF जवानों ने सीमा सुरक्षा के साथ मानवीय दायित्व निभाते हुए तत्काल कार्रवाई की।
समय पर शुरू किये गये बचाव अभियान से नदी के खतरनाक बहाव में फंसे सभी लोगों की जान बच गयी।
रेस्क्यू किये गये लोगों में तीन परिवारों के सदस्य शामिल थे। इनमें चार पुरुष, चार महिलाएं और दो बच्चे हैं। बचाये गये लोगों की पहचान मुहम्मद इब्राहिम शेख (55), मुहम्मद सौदागर (48), आलमीन शेख (7), साबिर शेख (9), मुहम्मद रसीद शेख (22), सखिना बेगम (55), निलुफर यास्मीन (26), तानिया खातून (22), इब्राम शेख (26) और इंफान बगल (30) के रूप में बतायी गयी है।
![]()





