
कोटालपोखर संवाददाता।पाकुड जिले के महेशपुर: पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय देवीनगर से दो नाबालिग छात्राओं के अचानक लापता होने की सूचना से शुक्रवार की शाम इलाके में हड़कंप मच गया. दोनों छात्राओं के घर नहीं पहुंचने पर परिजन और ग्रामीण परेशान हो उठे. देर शाम परिजनों ने महेशपुर थाना पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी.मामले की गंभीरता को देखते हुए महेशपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. तकनीकी सहायता के जरिए मोबाइल लोकेशन की जानकारी जुटायी गयी, जिसके आधार पर दोनों छात्राओं के महेशपुर-छक्कूधारा क्षेत्र में होने की पुष्टि हुई

मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग, रात में बरामद हुईं छात्राएं
लोकेशन मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ग्रामीणों के सहयोग से रात में छक्कूधारा गांव पहुंचा. वहां से दोनों नाबालिग छात्राओं को सकुशल बरामद कर लिया गया.
छात्राओं के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित अनहोनी की आशंका भी टल गयी.
दोपहर में स्कूल से निकलकर सहेली के घर गयी थीं
बरामदगी के बाद छात्राओं ने पुलिस को बताया कि वे दोपहर करीब एक बजे स्कूल से निकलकर अपनी साइकिल से सहेली के घर चली गयी थीं.
हालांकि देर शाम तक उनके घर नहीं पहुंचने और परिजनों से संपर्क नहीं होने के कारण मामला गंभीर हो गया था. इसी वजह से परिजनों ने पुलिस से मदद मांगी.
छह छात्राएं एक साथ गयी थीं छक्कूधारा
बताया जा रहा है कि विद्यालय से कुल छह छात्राएं बिना बताए छक्कूधारा गांव चली गयी थीं. इनमें से चार नाबालिग छात्राएं बाद में अपने-अपने घर लौट गयीं.
वहीं देवीनगर गांव की दो छात्राओं के घर नहीं लौटने और उनसे संपर्क नहीं हो पाने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गयी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी और तलाश शुरू की गयी.
सकुशल बरामदगी से परिजनों ने ली राहत की सांस
पुलिस की तकनीकी मदद और ग्रामीणों के सहयोग से दोनों छात्राओं को रात में सकुशल बरामद कर लिया गया. घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों में राहत का माहौल है.
हालांकि इस घटना ने स्कूल से बच्चों की आवाजाही, अभिभावकों को सूचना और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल भी खड़े कर दिये हैं.
![]()





