हेमपुर में खेल मैदान की मांग को लेकर युवाओं की बैठक
उपाध्यक्ष अनीता देवी ने युवाओं को दिया फुटबॉल सेट,खेल पोशाक और फुटबॉल

बालूमाथ संवाददाता। धाधू पंचायत अंतर्गत हेमपुर गांव स्थित हेमपुर अखड़ा के समीप बुधवार को युवाओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत की उपाध्यक्ष अनीता देवी को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय युवा और खिलाड़ी उपस्थित हुए। युवाओं ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उपाध्यक्ष के समक्ष रखा।
युवाओं ने बताया कि पूरे हेमपुर क्षेत्र में एक भी उपयुक्त खेल मैदान उपलब्ध नहीं है। इसके कारण खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने में काफी परेशानी होती है। युवाओं ने कहा कि जिले में होमगार्ड की वैकेंसी निकली हुई है, लेकिन मैदान के अभाव में वे शारीरिक तैयारी भी सही तरीके से नहीं कर पा रहे हैं।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्र की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई। उपाध्यक्ष अनीता देवी ने युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए उपाध्यक्ष ने फुटबॉल सेट, खेल पोशाक और एक फुटबॉल प्रदान किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सफलता हासिल करने के लिए अनुशासन, निरंतर अभ्यास और समर्पण जरूरी है। उन्होंने कहा कि हेमपुर के युवा बाहर जाकर विभिन्न टूर्नामेंटों में हिस्सा लेते हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने बच्चों से नियमित रूप से विद्यालय जाने, मोबाइल फोन से दूरी बनाए रखने तथा पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़कर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करें।
बैठक के अंत में युवाओं ने हेमपुर में स्थायी खेल मैदान उपलब्ध कराने की मांग रखी। उपाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि इस मामले को संबंधित विभाग के समक्ष उठाकर जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सहित मनोज कुमार ठाकुर, असेश्वर गंझू, जायदू भोक्ता, अवधेश गंझू, राजेश कुमार गंझू, संजीत कुमार गंझू, मुकेश कुमार पहन, कबिलास गंझू, परमेश्वर कुमार गंझू, राजेंद्र कुमार गंझू, संजय कुमार गंझू, लालकु गंझू, गणेश भोक्ता, रामधनी भोक्ता, रंजीत कुमार भोक्ता, राहुल कुमार गंझू, गोपाल गंझू सहित अन्य युवा खिलाड़ी उपस्थित रहे।
![]()





