न्यू फरक्का रेलवे ट्रैक धंसा: 80 मीटर लाइन की मरम्मत अंतिम चरण में, जल्द शुरू होगा परिचालन
भू-धसान से बाधित रेल सेवा, ट्रायल रन के बाद ही ट्रेनों की आवाजाही बहाल होगी

रिपोर्ट: निशांत कुमार सानू,
कोटालपोखर/फरक्का संवाददाता। मालदा रेल मंडल अंतर्गत न्यू फरक्का रेलवे स्टेशन के समीप हुए भू-धसान के कारण करीब 80 मीटर तक रेलवे ट्रैक धंस गया था, जिसकी मरम्मत का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। रेलवे विभाग की ओर से युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है, जिसमें दर्जनों मजदूर और अधिकारी दिन-रात अलग-अलग शिफ्ट में जुटे हुए हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक को जल्द से जल्द दुरुस्त कर परिचालन बहाल करने का लक्ष्य रखा गया है। इंजीनियरों की टीम आधुनिक मशीनों की मदद से ट्रैक की मरम्मत में लगी हुई है, ताकि काम तेजी और सटीकता से पूरा किया जा सके।
मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद ट्रैक की मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्रायल इंजन चलाया जाएगा। ट्रायल सफल रहने के बाद ही इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू किया जाएगा।
इस बीच यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा लगातार एडवाइजरी जारी की जा रही है। जिन ट्रेनों को रद्द किया गया है या जिनके मार्ग में बदलाव किया गया है, उनकी जानकारी संबंधित स्टेशनों पर सूचना बोर्ड और अन्य माध्यमों से दी जा रही है।
रेलवे अधिकारियों की निगरानी में कार्य लगातार जारी है और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही नियमित रेल सेवा बहाल की जाएगी।
![]()




