कन्हैयास्थान में छात्राओं ने पेंटिंग में उकेरी श्रीकृष्ण की लीलाएं
जन्माष्टमी पर इस्कॉन मंदिर में ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिता, विजेता प्रतिभागियों को किया जाएगा सम्मानित

कोटालपोखर संवाददाता। राजमहल प्रखंड क्षेत्र के कन्हैयास्थान स्थित कन्हाई नाट्यशाला इस्कॉन मंदिर की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर स्कूली छात्राओं के लिए ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मंदिर प्रबंधक कृष्ण कृपा सिंधु एवं उनके सहयोगी सुनील मिश्रा के नेतृत्व में किया गया।

प्रतियोगिता में योगीचक जयरामपुर हाई स्कूल, सरकंडा की डेढ़ दर्जन से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप और उनकी विभिन्न लीलाओं को अपनी कल्पनाशीलता के माध्यम से कागज पर उकेरा। आकर्षक चित्रों के जरिए छात्राओं ने अपनी कला प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

धर्म और संस्कृति से जोड़ना उद्देश्य
मंदिर प्रबंधन के अनुसार प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों को हिंदू धर्म, संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराना तथा उनमें अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति रुचि पैदा करना है। प्रतियोगिता के दौरान मंदिर परिसर में छात्राओं के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।
मंदिर प्रबंधक कृष्ण कृपा सिंधु ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जानने और समझने का अवसर मिलता है। साथ ही उनकी रचनात्मक प्रतिभा को भी प्रोत्साहन मिलता है।
विजेताओं को किया जाएगा सम्मानित
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को मंदिर प्रबंधन की ओर से सम्मानित किया जाएगा। आयोजन को लेकर छात्राओं के साथ विद्यालय के शिक्षकों में भी उत्साह देखा गया। विद्यालय के शिक्षकों ने ऐसे आयोजनों को बच्चों की प्रतिभा निखारने के लिए उपयोगी बताया।
![]()





