
लातेहार में बोलेरो और ट्रक की सीधी टक्कर, दो लोग गंभीर रूप से घायल
लातेहार: लातेहार जिला मुख्यालय के बेंक चौक के पास एनएच-75 पर शुक्रवार की रात करीब दो बजे बोलेरो और ट्रक के बीच सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में बोलेरो सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लातेहार में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, पलामू जिले के हैदरनगर निवासी राहुल कुमार (24) और सुकेश दुबे (32) बोलेरो कार (जेएच-03एटी-5926) से रांची जा रहे थे। इसी दौरान पश्चिम बंगाल से बिहार के बक्सर जा रहे एक ट्रक से बोलेरो की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो चालक ड्राइविंग सीट पर बुरी तरह फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला और दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
![]()




