भू-धसान से क्षतिग्रस्त रेलवे ट्रैक का जीएम ने लिया जायजा, जल्द परिचालन बहाल करने का निर्देश
न्यू फरक्का-तिलडांगा के बीच मरम्मत कार्य तेज, दिन-रात जुटी रेलवे की टीमें

बरहरवा संवाददाता। फरक्का-मालदा रेल मंडल अंतर्गत न्यू फरक्का-तिलडांगा रेलवे स्टेशन के समीप भू-धसान से क्षतिग्रस्त रेलवे ट्रैक का शुक्रवार को ईस्टर्न रेलवे की जनरल मैनेजर गीतिका पांडे ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ ईस्टर्न रेलवे के प्रिंसिपल चीफ इंजीनियर विक्रम गुप्ता समेत अन्य वरीय अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।
जीएम ने प्रभावित रेलखंड का जायजा लेते हुए चल रहे मरम्मत कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए क्षतिग्रस्त ट्रैक को जल्द से जल्द और सुरक्षित तरीके से दुरुस्त करने का निर्देश दिया। साथ ही मौके पर कार्यरत मजदूरों को भी कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय में मरम्मत पूरा करने को कहा।

रेलवे की तकनीकी टीमें प्रभावित ट्रैक को दुरुस्त करने में दिन-रात जुटी हुई हैं। अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक के क्षतिग्रस्त हिस्से को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के बाद ही ट्रेनों का सामान्य परिचालन बहाल किया जाएगा। रेलवे की ओर से जल्द परिचालन शुरू करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जीएम गीतिका पांडे ने ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के कारण यात्रियों को हो रही परेशानी पर संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि रेलवे यात्रियों की असुविधा और अनिश्चितता को समझता है। उन्होंने यात्रियों से धैर्य और सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए उनके सहयोग के लिए आभार जताया।
जीएम ने भरोसा दिलाया कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ट्रेनों का परिचालन सुचारू रूप से बहाल कर दिया जाएगा।
![]()





