जेएसएलपीएस के कार्यों की समीक्षा,ऋण वापसी और बैंक लिंकेज में तेजी लाने का निर्देश
उपायुक्त संदीप कुमार ने एक माह में अपेक्षित सुधार का दिया लक्ष्य, 10 सितंबर तक LOKOS में शत-प्रतिशत लेन-देन की प्रविष्टि का निर्देश

लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रही विभिन्न आजीविका एवं महिला सशक्तिकरण योजनाओं की प्रगति की प्रखंडवार समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान स्वयं सहायता समूहों के गठन, बैंक लिंकेज, सामुदायिक निवेश निधि, आजीविका संवर्धन, ग्रामीण उद्यमिता तथा कृषि एवं गैर-कृषि आधारित गतिविधियों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

ऋण वापसी की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
संकुल संगठनों के अंतर्गत ऋण वापसी की प्रगति कम पाए जाने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी संबंधित संकुल प्रबंधकों को ऋण वापसी में तेजी लाने और बकाया ऋण की वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
संबंधित प्रखंडों को संकुल प्रबंधकों को लिखित निर्देश जारी कर एक माह के भीतर ऋण वापसी में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित कराने को कहा गया। निर्धारित अवधि में संतोषजनक सुधार नहीं होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
LOKOS में 10 सितंबर तक शत-प्रतिशत लेन-देन की प्रविष्टि
LOKOS के माध्यम से संकुल संगठनों के मासिक लेन-देन की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संकुल संगठनों का मासिक लेन-देन LOKOS में अनिवार्य रूप से दर्ज करने का निर्देश दिया। सभी BPM को 10 सितंबर तक शत-प्रतिशत मासिक लेन-देन की प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैंक लिंकेज में सुधार का निर्देश
बैंक लिंकेज की समीक्षा में पाया गया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सभी प्रखंडों की प्रगति संतोषजनक नहीं है। इस पर उपायुक्त ने सभी प्रखंडों को एक माह के भीतर बैंक लिंकेज की प्रगति में अपेक्षित सुधार लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने बैंक लिंकेज के कार्य में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए इस एजेंडा की DLCC के माध्यम से नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा।
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना प्राथमिकता
उपायुक्त ने कहा कि जेएसएलपीएस के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार और आयवर्धक गतिविधियों से जोड़ते हुए सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधकों एवं संबंधित पदाधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने, योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक, JSLPS श्री संतोष कुमार सहित जिले के सभी प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (BPM) उपस्थित थे।
![]()





