बरहरवा रेलवे स्टेशन व साइडिंग का दिल्ली रेलवे बोर्ड टीम ने किया निरीक्षण,सुरक्षा व स्वच्छता पर जोर
स्टेशन की सुविधाओं का निरीक्षण

कोटालपोखर/बरहरवा। संवाददाता। मालदा रेल मंडल अंतर्गत साहिबगंज जिले के बरहरवा रेलवे स्टेशन एवं रेलवे साइडिंग का मंगलवार को रेलवे बोर्ड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मुकुल कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रैक लोडिंग व्यवस्था से लेकर यात्री सुविधाओं तक विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

रैक लोडिंग प्रक्रिया का लिया जायजा
निरीक्षण की शुरुआत बरहरवा रेलवे साइडिंग स्थित रैक लोडिंग स्थल से की गई। यहां उन्होंने माल लोडिंग की पूरी प्रक्रिया, सुरक्षा मानकों, कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था तथा आधारभूत सुविधाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। उन्होंने रैक लोडिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
स्टेशन की सुविधाओं का निरीक्षण
इसके बाद एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ने बरहरवा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म, पेयजल व्यवस्था, रोशनी, बैठने की सुविधा, साफ-सफाई और यात्री आवागमन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के क्रम में पैनल रूम, टिकट बुकिंग कार्यालय, वाणिज्य विभाग समेत अन्य महत्वपूर्ण विभागों का भी अवलोकन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों से दैनिक कार्यप्रणाली और संचालन से जुड़ी जानकारी ली गई।
यात्री सुरक्षा पर विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को भी प्रमुखता से देखा गया। एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ने अधिकारियों से यात्री सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर चर्चा की।
इस अवसर पर स्टेशन सुपरिटेंडेंट निरंजन भगत, आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार सहित रेलवे के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
![]()




