गुनिहारी में SBI ग्राहक सेवा केंद्र में चोरी, छत तोड़कर नकदी ले उड़े चोर
पुलिस से कार्रवाई की मांग


कोटालपोखर/राजमहल। संवाददाता। राजमहल थाना क्षेत्र के गुनिहारी में संचालित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में छत का एल्बेस्टर तोड़कर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर केंद्र संचालक नीलू घोष ने राजमहल थाना में लिखित आवेदन देकर जांच एवं दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
रात में बंद था केंद्र, सुबह दिखा टूटा छत
आवेदन के अनुसार, 31 अगस्त की रात करीब 8 बजे संचालक केंद्र बंद कर घर चले गए थे। 1 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे जब वे केंद्र पहुंचे तो छत का एल्बेस्टर टूटा हुआ मिला। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था, जिससे चोरी की आशंका हुई।
डोर बॉक्स से 9 हजार रुपये गायब
संचालक नीलू घोष ने बताया कि डोर बॉक्स में रखी करीब 9,000 रुपये की नकदी गायब थी। इसमें करीब 350 रुपये के सिक्के तथा 10 और 5 रुपये के सिक्के भी शामिल थे। घटना के बाद आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन चोरी से संबंधित कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
घटना के बाद संचालक ने राजमहल थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर चोरों का पता लगाने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
![]()




