राहुल गांधी के खिलाफ FIR के विरोध में रांची में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार का पुतला दहन
“राहुल गांधी पर FIR के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन”

रांची संवाददाता। उत्तराखंड में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में झारखंड कांग्रेस ने सोमवार को रांची में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से अल्बर्ट एक्का चौक तक विरोध मार्च निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को राजनीतिक साजिश करार देते हुए आरोप लगाया कि इसके जरिए विपक्ष की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
भाजपा पर निशाना साधा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राहुल गांधी लगातार गरीब, दलित, आदिवासी, पिछड़े और आम लोगों के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्हीं मुद्दों को लेकर भाजपा उन्हें निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि एफआईआर और सरकारी दबाव के जरिए राहुल गांधी की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। यदि भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से भी सामाजिक सौहार्द या संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ कोई कार्य किया गया है, तो उनके खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में दोहरा कानून नहीं चल सकता।
विपक्ष की आवाज दबाने का लगाया आरोप
झारखंड कांग्रेस के सह प्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज से डर गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जांच एजेंसियों और मुकदमों के माध्यम से विपक्ष को डराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे दबाव से डरने वाली नहीं है और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र से खिलवाड़ कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं और झारखंड कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एफआईआर वापस लेने की मांग उठाई। पार्टी नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
![]()





