
साहिबगंज, 30 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर साहिबगंज महाविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता का रविवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में डॉ. (प्रो.) राजीव कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत अर्थशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. रूपा दास के स्वागत संबोधन से हुई। प्रतियोगिता के अंतिम दिन बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें रोमांचक मुकाबले में टीम भारती ने टीम आकांक्षा को 16-14 अंकों से हराकर खिताब अपने नाम किया।
तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने कौशल का प्रदर्शन किया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया।
इस दौरान मुख्य अतिथि द्वारा महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि महाविद्यालय स्तर से ही प्रतिभाएं निखरती हैं, जो आगे विश्वविद्यालय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाती हैं। उन्होंने खेलों में बालिकाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को सफलता की कुंजी बताया।
मुख्य अतिथि ने महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि शैक्षणिक और खेल गतिविधियों के संतुलित आयोजन से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो रहा है।
प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय “पढ़ाई, सफाई और खेलकूद” के सिद्धांत पर कार्य कर रहा है और आगे भी ऐसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने खेल पदाधिकारी प्रो. प्रदीप कुमार कुजूर और खेल समिति के सभी सदस्यों के प्रयासों की सराहना की।
प्रतियोगिता में मैच रेफरी की भूमिका सुमित कुमार, मुकेश कुमार और अनुरंजन कुमार ने निभाई। इस अवसर पर महाविद्यालय के कई विभागाध्यक्ष, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता के सफल समापन के साथ महाविद्यालय परिसर में खेल भावना और उत्साह का माहौल देखने को मिला। प्रतिभागियों ने भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।
![]()





