Pakud News:जिला कांग्रेस कार्यालय में राजीव गांधी की 82वीं जयंती मनायी गयी
राजीव गांधी के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

साहेबगंज संवाददाता। जिला कांग्रेस कार्यालय साहेबगंज में गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता स्वर्गीय राजीव गांधी की 82वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनायी गयी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बरकतउल्ला खान ने की।
इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी के तैलीय चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जयंती की बधाई दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बरकतउल्ला खान ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को नयी दिशा देने का काम किया। उन्होंने सूचना एवं प्रौद्योगिकी, संचार तथा पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की। उनका सपना था कि देश का युवा आधुनिक शिक्षा और तकनीक से लैस होकर भारत को प्रगति के पथ पर आगे ले जाए।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण के साथ देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए समर्पित नेता थे। उनकी दूरदृष्टि आज भी प्रासंगिक है। युवाओं को सशक्त बनाना, तकनीक को आम लोगों तक पहुंचाना और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। मौके पर अनुकूल चंद्र मिश्रा, मुर्शाद अली, मो. कलीमुद्दीन, बासुकीनाथ यादव, अनिल कुमार पांडेय, सरफराज आलम, मो. सलाउद्दीन, मो. रिजवान, अल्ताफ हुसैन, सतीश पासवान, गणेश, कौशर आलम, जमील अहमद, मो. रियाज, जाहिद खान, मो. मेराजुद्दीन, मो. नौशाद अहमद, मो. अजीज अंसारी, शिव शंकर कुमार, तौफीक आलम, मो. माफिज आलम, सद्दाम हुसैन औरंगजेब आलम सहित दर्जनों कांग्रेसजन मौजूद रहे।
![]()





