लातेहार में चोरों का आतंक:हुंदरु गांव में किराना व डिजिटल सेवा केंद्र को बनाया निशाना, पुलिस जांच जारी
बंद दुकान में सेंधमारी कर नकदी और सामान पार, इलाके में दहशत


लातेहार: सदर थाना क्षेत्र के हुंदरु गांव में बुधवार रात अज्ञात चोरों ने एक किराना व डिजिटल सेवा केंद्र को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी नीरज कुमार (पिता स्व. सुरजमल प्रसाद) की दुकान में घुसकर चोर करीब 35 हजार रुपये नकद सहित खाने-पीने के कई सामान लेकर फरार हो गए।
दुकान संचालक नीरज कुमार ने बताया कि वे 19 अगस्त 2026 की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। गुरुवार सुबह जब दुकान खोली गई तो अंदर का नजारा देखकर वे हैरान रह गए। दुकान की खिड़की-दरवाजा खुला था और वेंटिलेटर टूटा हुआ मिला। प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि चोर वेंटिलेटर तोड़कर अंदर घुसे और चोरी को अंजाम दिया।
नीरज कुमार ने कहा कि यह दुकान ही उनके परिवार की आय का मुख्य स्रोत है। चोरी की इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है और दुकान का अधिकांश सामान गायब हो चुका है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा चोरों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
![]()




