अवर निबंधक पदाधिकारी ने लिया परेड की तैयारियों का जायजा, स्कूलों के आठ प्लाटून ले रहे हिस्सा
तेनुघाट। स्वतंत्रता दिवस को लेकर तेनुघाट में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। मंगलवार को तेनुघाट स्थित चिल्ड्रेन पार्क मैदान में 15 अगस्त के अवसर पर होने वाली परेड का पूर्वाभ्यास किया गया। तेनुघाट अवर निबंधक पदाधिकारी रितु रंजन ने मैदान पहुंचकर परेड की तैयारियों और अभ्यास का निरीक्षण किया।
परेड अभ्यास में जिला पुलिस बल के जवानों के साथ विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। जिला पुलिस बल की टुकड़ी का नेतृत्व तेनुघाट ओपी के एसआई मनोज तिर्की ने किया। अभ्यास में जवाहर नवोदय विद्यालय, डीएवी स्कूल, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पेटरवार और गोमिया के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
निरीक्षण के दौरान रितु रंजन ने छात्र-छात्राओं के अनुशासन, कदमताल और आपसी समन्वय का जायजा लिया। उन्होंने अभ्यास में शामिल संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
आठ प्लाटून कर रहे परेड का अभ्यास
जानकारी के अनुसार, परेड कमांडर मनोज तिर्की के नेतृत्व में परेड के लिए कई टोलियां गठित की गई हैं। इनमें सशस्त्र बल के जवानों के साथ विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के कुल आठ प्लाटून तैयार किए जा रहे हैं। सभी टोलियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नियमित रूप से अभ्यास कर रही हैं।
बताया गया कि स्वतंत्रता दिवस परेड का पूर्वाभ्यास 11, 12 और 13 अगस्त को किया जाएगा। इसके लिए विद्यालयों के शिक्षक भी विद्यार्थियों के साथ अभ्यास में सहयोग कर रहे हैं।
मौके पर तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो, अधिवक्ता बीरेंद्र प्रसाद, सुभाष कटरियार, मुकेश कुमार, रतन कुमार सिन्हा सहित विद्यालयों के शिक्षक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।