कोटालपोखर (संवाददाता): मालदा रेल मंडल से सफर करने वाले हजारों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब यात्रियों को लंबी ही नहीं, बल्कि कम दूरी की यात्रा के दौरान भी खान-पान के लिए ट्रेन से उतरकर भटकना नहीं पड़ेगा। पूर्व रेलवे ने अपने अधीन चलने वाली 32 प्रमुख मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में मिनी पैंट्री कार सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है।
इस योजना में मालदा रेल मंडल की पांच प्रमुख ट्रेनों को शामिल किया गया है, जिनमें रांची-भागलपुर वनांचल एक्सप्रेस, भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, मालदा-पीएनबी एक्सप्रेस, जनसेवा एक्सप्रेस और मालदा टाउन एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री विभिन्न शहरों और जिलों की यात्रा करते हैं।
पूर्व रेलवे के प्रिंसिपल चीफ कमर्शियल मैनेजर (पीसीसीएम) डॉ. उदय शंकर झा ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और चारों मंडलों को इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एजेंसी के माध्यम से संबंधित ट्रेनों में सेवा शुरू की जाएगी।
मिनी पैंट्री सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को ट्रेन में ही निर्धारित दरों पर चाय, नाश्ता, भोजन और बोतलबंद पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे यात्रियों को स्टेशन पर मिलने वाले सीमित विकल्पों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों, बुजुर्गों और परिवार के साथ सफर करने वालों को इससे काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
रेलवे की इस पहल को यात्री सुविधाओं में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, सेवा शुरू होने के बाद इसकी गुणवत्ता, खाद्य सामग्री की उपलब्धता और निर्धारित दरों का पालन सुनिश्चित करना भी रेलवे के लिए चुनौतीपूर्ण रहेगा।
फिलहाल, सेवा शुरू होने से पहले टेंडर प्रक्रिया पूरी होना बाकी है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही यात्रियों को चलती ट्रेन में ही खान-पान की सुविधा मिलने लगेगी।