बरहरवा संवाददाता। विश्व आदिवासी दिवस के पूर्व ओपन माइंड वर्ल्ड स्कूल, धरियाडीह में शनिवार को सदन स्तरीय नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता जूनियर एवं सीनियर ग्रुप में चार सदनों के बीच आयोजित हुई, जिसमें बच्चों ने नागपुरिया, संथाली सहित विभिन्न पारंपरिक गीतों पर शानदार प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्राचार्य चंद्रमल्लिका घोष चौधुरी ने कहा कि आदिवासी समुदायों के अधिकारों की रक्षा, उनकी समृद्ध संस्कृति के संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा में उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों में कला कौशल का विकास, बारीकी की समझ और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।
प्रतियोगिता के परिणामों में जूनियर ग्रुप में गार्नेट हाउस ने प्रथम, टोपाज हाउस ने द्वितीय एवं एमेराल्ड हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर ग्रुप में टोपाज हाउस प्रथम, एमेराल्ड हाउस द्वितीय एवं सफायर हाउस तृतीय स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका प्राचार्य चंद्रमल्लिका घोष चौधुरी, मोहम्मद शहरयार एवं बरनाली पाल ने निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्मृति सिन्हा, धीरज जायसवाल, ईरम, उमा आनंद, अंजलि कुमारी एवं संदीप शोला सहित अन्य शिक्षकों की सराहनीय भूमिका रही।