तेनुघाट में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में एसडीपीओ कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के सभी पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में लंबित कांडों और पिछले माह दर्ज मामलों की समीक्षा की गई। एसडीपीओ ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। अनुसंधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
15 अगस्त को लेकर सख्त निर्देश
बैठक में आगामी स्वतंत्रता दिवस को लेकर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष चर्चा की गई। एसडीपीओ ने सभी थानों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया। सार्वजनिक स्थानों, सरकारी भवनों और समारोह स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने को कहा गया।
स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और वाहन चेकिंग अभियान तेज करने के भी निर्देश दिए गए। इसके अलावा कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं लंबित वारंटों के निष्पादन की समीक्षा करते हुए सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।