लातेहार, 7 अगस्त। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, धर्मशाला पम्पू कल रोड स्थित सेवा केंद्र की ओर से शुक्रवार को डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में नशा मुक्ति प्रतिज्ञा अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
सेवा केंद्र की संचालिका बीके अमरमणि बहन ने छात्र-छात्राओं को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन को बर्बाद करने के साथ-साथ पूरे परिवार को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जिससे उनका स्वास्थ्य, शिक्षा और पारिवारिक जीवन प्रभावित हो रहा है। नशे की लत से बाहर निकलने के लिए राजयोग मेडिटेशन महत्वपूर्ण माध्यम हो सकता है। राजयोग के माध्यम से मन को सकारात्मक दिशा देकर नशे जैसी बुरी आदतों से दूरी बनाई जा सकती है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सेवा केंद्र से जुड़े बीके राजू भाई, बीके राजकुमारी बहन, बीके प्रीतो बहन, बीके सोनप्रभा बहन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।