कोटालपोखर संवाददाता।
मयूरकोला से कांवड़ियों का एक जत्था गुरुवार सुबह बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुआ। सावन माह में श्रद्धा और आस्था के विशेष माहौल के बीच यह यात्रा शुरू हुई।
यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी श्रद्धालुओं ने स्थानीय शिव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। इसके बाद ‘बोल बम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘बाबा बैद्यनाथ की जय’ के जयघोष से पूरा इलाका गूंज उठा और श्रद्धालु उत्साह व भक्ति भाव के साथ देवघर के लिए प्रस्थान कर गए।
श्रद्धालुओं ने बताया कि वे पहले सुल्तानगंज पहुंचकर उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल भरेंगे। इसके बाद लगभग 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। उन्होंने कहा कि सावन में कांवड़ यात्रा का विशेष धार्मिक महत्व है और बाबा भोलेनाथ की कृपा पाने के लिए हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होते हैं।
रवाना होने से पहले सभी कांवड़ियों ने क्षेत्र में सुख-समृद्धि और शांति की कामना की तथा अपनी यात्रा के मंगलमय होने की प्रार्थना की। मौके पर अभिषेक घोष, प्रमोद घोष, जय शाह, कृष्ण ठाकुर, रंजीत शाह, विवेक शाह सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित थे।