बरवाडीह। सावन माह की पहली सोमवारी के अवसर पर बरवाडीह प्रखंड अंतर्गत छेंचा पंचायत स्थित देवी मंदिर, चपरी से भव्य जलयात्रा निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” एवं “बोल बम” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
जलयात्रा चपरी से प्रारंभ होकर पप्पूकल कोयल नदी तक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पवित्र जल उठाया। इसके बाद भक्तों ने मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस धार्मिक आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। जलयात्रा में भाजपा बरवाडीह मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद, समाजसेवी श्यामली शर्मा, मंटू यादव, सीताराम पासवान, प्रदीप साव, रुपेंद्र राम, प्रवीण सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से भरे इस आयोजन ने क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण का संचार किया।