लातेहार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री संदीप कुमार की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।
उपायुक्त ने सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सभी मामलों की शीघ्र जांच कर समाधान किया जाएगा। जन शिकायत निवारण में मुख्य रूप से जमीन से संबंधित विवाद तथा मकान निर्माण कार्य पर रोक लगाने से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
समस्याओं को सुनने के बाद उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का भौतिक सत्यापन करते हुए जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करें।
बताया गया कि आमजनों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को जन शिकायत निवारण कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।