रिपोर्टर: पाकुड़ संवाददाता,
पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र के मालगोदाम रोड स्थित फुट ओवर ब्रिज के नीचे जल्द ही ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) स्थापित की जाएगी। नगर परिषद वार्ड संख्या-11 की वार्ड पार्षद निभा देवी की पहल पर पूर्व रेलवे, हावड़ा मंडल ने इसके लिए अनुमति प्रदान कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड पार्षद निभा देवी ने पिछले माह मंडल रेल प्रबंधक, पूर्व रेलवे हावड़ा को पत्र भेजकर मालगोदाम रोड की ओर से आने-जाने वाले रेल यात्रियों की सुविधा के लिए एटीवीएम लगाने की मांग की थी। मांग पर विचार करते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक राहुल रंजन ने उक्त स्थल पर मशीन स्थापना की स्वीकृति प्रदान की।
अनुमति मिलने के बाद वार्ड पार्षद निभा देवी की उपस्थिति में वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य) परितोष रंजन, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (दूरभाष) संजय कुमार ओझा, वरिष्ठ विद्युत अनुभाग अभियंता राजू कुमार तथा वाणिज्य पर्यवेक्षक सिकंदर मंडल ने स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने बताया कि एटीवीएम स्थापना के लिए आवश्यक निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान में मालगोदाम रोड, रेलवे कॉलोनी, सिद्धार्थनगर, ईशाकपुर, मनीरामपुर, रहसपुर, हरिगंज, नवादा, संग्रामपुर, नवरत्तमपुर, जयकिष्टोपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को टिकट लेने में काफी परेशानी होती है। कई बार समय पर टिकट नहीं मिलने से यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करने या लंबी कतार में लगने की मजबूरी होती है।
एटीवीएम स्थापना की स्वीकृति मिलने पर दैनिक रेल यात्रियों एवं स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए वार्ड पार्षद निभा देवी और रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।