लातेहार संवाददाता:उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल द्वारा हेरहंज थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया।
इस दौरान दुपहिया, चारपहिया एवं भारी वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 48 वाहनों पर ई-चालान किया गया।
अभियान के तहत कुल 134 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 48 वाहनों के खिलाफ ऑनलाइन चालान काटा गया। इन चालानों के माध्यम से कुल ₹1,56,500 की राशि वसूली गई। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले 4 वाहनों को जब्त भी किया गया।
जिला परिवहन कार्यालय ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह के जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े।