पाकुड़। जिले के महेशपुर प्रखंड में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों द्वारा लगाया गया सड़क जाम लगभग 15 घंटे बाद सोमवार को समाप्त हो गया। महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाने का निर्णय लिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम महेशपुर थाना क्षेत्र के कोल माइंस सड़क पर पोखरिया के पास एक सड़क दुर्घटना में बसकेन्द्री निवासी हेमलाल मुर्मू की मौत हो गई थी। बताया जाता है कि हेमलाल अपने ससुराल पीपर जोड़ी से घर लौट रहे थे, तभी वह दुर्घटना का शिकार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और कोल कंपनी के कर्मचारियों ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल सोनाजोरी पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के कोलकीपड़ा के पास कोल माइंस सड़क को जाम कर दिया और मृतक के परिवार के लिए मुआवजे की मांग पर अड़ गए। महेशपुर और आमड़ापाड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रारंभ में वार्ता सफल नहीं हो सकी।
सोमवार को महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही कोल कंपनी के साथ वार्ता कर मुआवजे का आश्वासन दिलाया। इसके बाद परिजन जाम हटाने को राजी हो गए।
करीब 15 घंटे तक चले इस जाम के कारण सड़क पर खड़े हाइवा चालकों और यात्री बसों के यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं कोल कंपनी को भी लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोयला ढोने वाले वाहन अक्सर तेज गति से चलते हैं, जिससे क्षेत्र में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।