कोटालपोखर संवाददाता। पाकुड़ मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बल्लभपुर स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र में सोमवार को दिनदहाड़े चोरी का प्रयास किया गया। एक युवक द्वारा केंद्र में रखे एल्युमीनियम के पोस्ट इंसुलेटर का हेड चुराने की कोशिश की गई, जिसे मौके पर मौजूद लाइनमैन की सतर्कता से विफल कर दिया गया।
घटना के संबंध में जूनियर लाइनमैन अशोक राम ने बताया कि वह सोमवार सुबह अपनी ड्यूटी के दौरान पैनल रूम में कार्यरत थे। इसी दौरान ट्रांसफार्मर के पास से संदिग्ध आवाज सुनाई दी। खिड़की से देखने पर उन्होंने एक युवक को रिजर्व में रखे इंसुलेटर का एल्युमीनियम हेड तोड़ते हुए पाया।
अशोक राम द्वारा आवाज देने पर युवक ने तेजी से एल्युमीनियम हेड तोड़ लिया और जब लाइनमैन उसकी ओर बढ़े, तो वह आक्रामक हो गया। स्थिति को देखते हुए लाइनमैन ने पास पड़ा डंडा उठा लिया, जिसके बाद युवक उपकेंद्र की दीवार फांदकर मौके से फरार हो गया।
लाइनमैन ने आरोपी की पहचान बेल पहाड़ी निवासी हंजला शेख के रूप में की है। उन्होंने बताया कि उक्त युवक पहले भी कई बार विद्युत उपकेंद्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है, जिसकी लिखित शिकायतें थाने में दर्ज कराई जा चुकी हैं।
जानकारी के अनुसार, करीब 10 दिन पूर्व भी आरोपी द्वारा तांबे का केबल तार चोरी करने तथा ट्रांसफार्मर से तेल निकालने का प्रयास किया गया था। इन घटनाओं के कारण कई बार विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।