लातेहार: पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार शनिवार को चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेतार ओपी पुलिस द्वारा व्यापक एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत ग्राम बेतर, उचिरिंग, मडमा, जमुवारी, बेलंगा, आरा एवं चिल्दीरी सहित आसपास के क्षेत्रों में पुलिस ने गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान ग्राम बेलंगा एवं ग्राम आरा में पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। साथ ही समाज में व्याप्त कुरीतियों जैसे डायन-बिसाही प्रथा, ओझा-गुणी और अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि वे इन कुप्रथाओं से दूर रहें और किसी भी प्रकार की अफवाह या अंधविश्वास पर भरोसा न करें।
वहीं दूसरी ओर, नेतरहाट थाना क्षेत्र स्थित जेवियर स्कूल नेतरहाट में भी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया।
इसके अलावा छात्रों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया। ट्रिपल लोडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाना तथा तेज गति से वाहन चलाने जैसी खतरनाक आदतों से बचने की सलाह दी गई। पुलिस ने छात्रों से अपील की कि वे स्वयं भी जागरूक बनें और अपने परिवार एवं समाज को भी सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें।
पुलिस द्वारा चलाया गया यह अभियान न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने का भी सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।